

बिलासपुर। सकरी पुलिस ने बीट सिस्टम के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 31 पाव अंग्रेजी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के लिए बीट सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में बीट आरक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिससे असामाजिक गतिविधियों और अवैध कारोबार की सूचनाएं लगातार पुलिस तक पहुंच रही हैं।
इसी दौरान 19 मई 2026 को सकरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध शराब लेकर हांफा की ओर से देवरी जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देवरीकला मेन रोड पर घेराबंदी कर आरोपी दिलीप वस्त्रकार (34) निवासी देवरीकला थाना सकरी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 31 पाव अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 5.580 लीटर और कीमत 3720 रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BN 5159 भी जब्त कर ली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
