हाई स्कूल में चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, टीवी-लैपटॉप समेत 80 हजार का सामान बरामद

शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। सिटी कोतवाली पुलिस ने शासकीय हाई स्कूल मड़वा में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए टीवी, लैपटॉप, प्रोजेक्टर सहित करीब 80 हजार रुपए कीमत की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मड़वा के एक शिक्षक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 मई की शाम स्कूल स्टाफ परिसर बंद कर घर चला गया था। 18 मई की सुबह स्कूल के प्राचार्य ने फोन कर सूचना दी कि स्कूल का ताला टूटा हुआ है और चोरी हो गई है।

स्कूल पहुंचने पर देखा गया कि कार्यालय, प्राचार्य कक्ष, प्रयोगशाला और स्टाफ रूम के ताले टूटे हुए थे। कार्यालय और लैब में सामान बिखरा पड़ा था। वहीं स्टाफ रूम में लगा टीवी, प्रोजेक्टर और कार्यालय में रखा लैपटॉप गायब मिला। अज्ञात चोरों ने प्रयोगशाला और कार्यालय के सामान में भी तोड़फोड़ की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ की। संदेह के आधार पर उमेश बंजारे उर्फ ननकी (22) निवासी औराईकला को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए टीवी, लैपटॉप और प्रोजेक्टर बरामद कर लिया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी उमेश बंजारे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!