

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल टकराने की मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लाठी, डंडा, बेल्ट, पेचकस और ईंट से हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों और 2 नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 17 मई 2026 की दोपहर करीब 12:30 बजे की है। प्रार्थी अपने परिचित प्रभाकर मार्शल की बड़ी मां के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आया था। इस दौरान प्रभाकर मार्शल, निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल मोटरसाइकिल में बैठकर हाथ में लाउड स्पीकर लेकर महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सूचना दे रहे थे।
बताया गया कि जब वे पेट्रोल पंप पचपेड़ी के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए आए बादल जांगड़े ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक बाइक समेत गिर पड़े। विरोध करने पर बादल जांगड़े गाली-गलौज करते हुए बेल्ट से मारपीट करने लगा।
शोर-शराबा सुनकर विक्की जांगड़े और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर लाठी-डंडे, लोहे की वस्तु, पेचकस और ईंट से हमला कर दिया। मारपीट में प्रार्थी और बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय गंभीर रूप से घायल हो गए। निमेश राय के सिर, कान और चेहरे पर चोट आने के बाद उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की शिकायत पर पचपेड़ी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों से एक ईंट का टुकड़ा, बेल्ट, पेचकस और डंडा जब्त किया। पुलिस ने बादल जांगड़े (19), सरोज जांगड़े (44), विक्की जांगड़े (21), तुलसी जांगड़े (57), ललित जांगड़े (38), शैलेन्द्र जांगड़े (35), इतवारी जांगड़े (45) सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया।
सभी आरोपी ग्राम पचपेड़ी के निवासी हैं। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
