बियर बोतल से हमला करने वाला फरार आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार

बिलासपुर। कोनी थाना पुलिस ने बियर बोतल से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल करने वाले फरार आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में प्रार्थी महेंद्र सूर्यवंशी ने थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई दीपक भार्गव के साथ पौंसरा निवासी शिवा सिंह ठाकुर और अर्जुन सिंह ठाकुर ने शराब दुकान के सामने हाथ-मुक्कों और बियर की बोतल से मारपीट की थी। हमले में दीपक भार्गव के सिर में गंभीर चोट आई थी।

शिकायत के आधार पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 205/2026 के तहत धारा 109, 296, 115(2), 351(3) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान घायल की मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टर की राय प्राप्त की गई, जिसमें चोट गंभीर प्रकृति की पाई गई। इसके बाद प्रकरण में धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई।

घटना के बाद से फरार आरोपी अर्जुन सिंह ठाकुर की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!