

। थाना चकरभाठा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कड़ार में अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवती के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें युवती के पेट और हथेली में चोट आई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान भरत वर्मा (27 वर्ष) निवासी ग्राम कड़ार थाना चकरभाठा के रूप में हुई है। बताया गया कि युवती और आरोपी के बीच पहले प्रेम संबंध था, लेकिन वर्ष 2025 में भरत वर्मा की शादी होने के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। इसके बाद आरोपी अक्सर गांव में मिलने पर युवती से गाली-गलौच करता था।
शुक्रवार को युवती अपने घर में मौजूद थी, तभी आरोपी भरत वर्मा धारदार चाकू लेकर उसके घर में घुस गया और जान से मारने की नीयत से उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने युवती के पेट और हथेली पर चाकू से वार किया। युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके ससुर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना चकरभाठा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
