फरार वारंटियों पर तोरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 वारंट तामील

बिलासपुर। पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र में छापेमार कार्यवाही कर पुलिस ने कुल 10 वारंट तामील किए, जिनमें 08 गैर-जमानती एवं 02 जमानती वारंट शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से गैर-जमानती वारंटियों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पेट्रोलिंग, अड्डाबाजी चेकिंग और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में माननीय न्यायालय से जारी वारंटों की तामील के लिए 16 मई 2026 को विशेष छापेमार अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों से फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अमर ध्रुव, रोहित ध्रुव, देवेन्द्र सिंह ठाकुर, छोटू उर्फ रितेश रजक, अल्हा रजक, प्रकाश दास, अमर रजक, विशाल ध्रुव एवं संजय केवंट शामिल हैं। रोहित ध्रुव के खिलाफ दो गिरफ्तारी वारंट लंबित थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने और फरार रहने के कारण आरोपियों के विरुद्ध गैर-जमानती एवं जमानती वारंट जारी किए गए थे। विशेष अभियान के तहत सभी वारंटियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार वारंटियों को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से गैर-जमानती वारंटियों के विरुद्ध जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल दाखिल कराया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!