रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, गोवा से 6 संचालक गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने मध्य भारत में सक्रिय एक बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवा से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में करोड़ों रुपये के हवाला लेनदेन, डिजिटल बेटिंग आईडी और अंतरराज्यीय सट्टा नेटवर्क के संचालन के अहम सुराग मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली रायगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026 और 218/2026 के तहत पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान हवाला नेटवर्क और खरसिया निवासी अमित मित्तल से जुड़े इनपुट प्राप्त हुए थे। इसके बाद साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की। जांच में सामने आया कि नेटवर्क रायगढ़, रायपुर, सक्ती और खरसिया से संचालित होकर हैदराबाद, मुंबई होते हुए गोवा तक फैला हुआ था।

एसएसपी के निर्देश पर सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना की टीम गोवा पहुंची। कैंडोलिम बीच क्षेत्र स्थित एक किराए के विला में दबिश देकर पुलिस ने अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे। मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

तीन तरीकों से संचालित होता था ऑनलाइन सट्टा

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आईपीएल मैचों पर तीन अलग-अलग तरीकों से सट्टा संचालित करते थे।

पहले तरीके में “अभिनंदन बुक/लाइन” के जरिए रायपुर से क्रिकेट सेशन का भाव लिया जाता था और APK आधारित जूम ऐप के माध्यम से नीचे जुड़े प्लेयर्स और खाईवालों तक पहुंचाया जाता था।

दूसरे तरीके में आरोपी “प्रगति टीवी ऐप” और “स्टार लाइव” जैसे APK आधारित ऐप का इस्तेमाल करते थे, जिनमें मैच का प्रसारण सामान्य टीवी से लगभग सात सेकंड पहले दिखाई देता था। इसी समय अंतर का फायदा उठाकर सटोरिए लाइव कॉलिंग ऐप के जरिए भाव अपडेट करते थे।

तीसरे तरीके में “All Panel Exchange”, “Taj 777” और “Diamond Exchange” जैसे क्रिकेट बेटिंग ऐप के जरिए खिलाड़ियों को डिजिटल बेटिंग आईडी उपलब्ध कराई जाती थी।

“मन्नू नथानी” गिरोह से जुड़े तार

तकनीकी जांच और मोबाइल डेटा की पड़ताल में पुलिस को पता चला कि आरोपी मध्य भारत के चर्चित सट्टा संचालक “मन्नू नथानी” गिरोह से जुड़े हुए थे। आरोपी ऊपर से बेटिंग आईडी लेकर नीचे सक्रिय एजेंटों और खिलाड़ियों तक पहुंचाते थे तथा प्रत्येक लेनदेन पर कमीशन प्राप्त करते थे।

प्रारंभिक जांच में एक आईपीएल सीजन के दौरान करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं। पुलिस का दावा है कि नेटवर्क नागपुर, रायपुर और अन्य शहरों तक फैला हुआ था।

हवाला नेटवर्क का भी खुलासा

पूछताछ में यह भी सामने आया कि सट्टा नेटवर्क में हवाला के जरिए पैसों का लेनदेन किया जाता था। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से नोटों के सीरियल नंबर साझा कर रकम ट्रांसफर करने के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों से एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी भी जब्त की जा चुकी है।

कई पुराने मामलों में शामिल रहे आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित मित्तल के खिलाफ रायगढ़ जिले के खरसिया, चक्रधरनगर और घरघोड़ा थाना क्षेत्रों में ऑनलाइन सट्टा के मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित सोमानी पर रायपुर के विभिन्न थानों में सट्टा संचालन के प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले बड़े नेटवर्क के एजेंट के रूप में काम करते थे, लेकिन बाद में स्वयं बड़े स्तर पर क्रिकेट बेटिंग आईडी संचालित करने लगे। आरोपी अपने नेटवर्क में सक्रिय छोटे खाईवालों और खिलाड़ियों को आईडी उपलब्ध कराकर करीब 10 प्रतिशत तक कमीशन प्राप्त करते थे।

दुबई से मिलती थीं बेटिंग आईडी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर क्रिकेट बेटिंग आईडी दुबई से संचालित नेटवर्क के जरिए महानगरों तक पहुंचती थीं। वहां से इन्हें रायपुर, नागपुर और मध्य भारत के अन्य शहरों में सक्रिय खाईवालों तक उपलब्ध कराया जाता था।

एसएसपी ने कहा कि रायगढ़ पुलिस ऑनलाइन सट्टा, हवाला और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अमित मित्तल, निवासी स्टेशन रोड खरसिया
  2. मोहित सोमानी, निवासी समता कॉलोनी आजाद चौक रायपुर
  3. प्रकाश वाधवानी, निवासी चौबे कॉलोनी आजाद चौक रायपुर
  4. आकाश मोटवानी, निवासी कचहरी चौक मौदहापारा रायपुर
  5. राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू, निवासी तेलीबांधा रायपुर
  6. सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू, निवासी रामसागर पारा रायपुर

जब्त सामग्री

  • 10 मोबाइल फोन
  • डिजिटल डेटा और सट्टा संचालन से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!