ढाबे के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद, युवक गिरफ्तार


बिल्हा पुलिस ने वाहन चालकों से अवैध वसूली, मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला थाना बिल्हा क्षेत्र के मुढीपार टोल प्लाजा के पास का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सनोज कुमार यादव (32 वर्ष), निवासी बिल्हा मोड़ थाना हिर्री, ने 9 मई 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मुढीपार टोल प्लाजा के पास स्थित ढाबे के बाहर वाहन खड़ा करने के नाम पर आरोपी मिथलेश गेंदले द्वारा अवैध रूप से पैसे की मांग की जा रही थी। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने वाहन चालक और हेल्पर के साथ मारपीट की तथा वाहन के सामने का शीशा तोड़ दिया।


मामले में थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1), 324 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी मिथलेश गेंदले (28 वर्ष), निवासी मुढीपार थाना बिल्हा, को 10 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, आरक्षक अर्जुन जांगड़े तथा संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!