
शशि मिश्रा

रतनपुर थाना क्षेत्र के सरवन देवरी गांव में बारात से लौटने के दौरान पिकअप वाहन में बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार सरवन देवरी गांव से बारात पिकअप वाहन में सवार होकर सरगांव गई थी। शुक्रवार देर रात बारात वापस गांव लौट रही थी। इसी दौरान पिकअप के केबिन में बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि लखराम निवासी सुधीर केंवट और रवि वर्मा जबरन पिकअप के केबिन में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस पर लक्ष्मी प्रधान और उसके साथियों ने उन्हें बाहर निकलने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि सुधीर केंवट और रवि वर्मा ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और लक्ष्मी प्रधान पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लक्ष्मी प्रधान के पेट में चाकू से वार किया गया, वहीं उसके सिर पर पत्थर से भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी प्रधान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना में लक्ष्मी प्रधान का भाई रूपेश प्रधान तथा सूरज कश्यप भी घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने सूरज कश्यप की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
