कोनी-बिरकोना में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, निगम की बड़ी कार्रवाई


बिलासपुर। नगर निगम की भवन शाखा एवं अतिक्रमण विरोधी टीम ने शुक्रवार को कोनी और बिरकोना क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाउंड्रीवाल, सड़क और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। निगम की इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।
नगर निगम को कोनी क्षेत्र में पीएस स्कूल के पीछे स्थित खसरा नंबर 342 के एक हिस्से में करीब 1.88 एकड़ भूमि पर बिना अनुमति प्लाटिंग किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान पाया गया कि रंजन सिंह द्वारा बिना वैध अनुमति के प्लॉट काटे गए थे तथा वहां बाउंड्रीवाल, पोल और सड़क का निर्माण भी कराया गया था।
नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद निगम की भवन शाखा और अतिक्रमण विरोधी टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुंची और बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बाउंड्रीवाल और अन्य संरचनाओं को तोड़ते हुए जमीन को मुक्त कराया।
इसी प्रकार बिरकोना क्षेत्र के खसरा नंबर 7/2 एवं 7/3, भाग महल नंबर 2 में भी अवैध प्लाटिंग का मामला सामने आया। यहां उत्तम विश्वास और ईश्वर विश्वास द्वारा लगभग 3 एकड़ भूमि पर बिना अनुमति प्लाटिंग कर बाउंड्रीवाल और सड़क निर्माण कराए जाने की जानकारी मिली थी।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर यहां भी अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!