स्टे आदेश के बावजूद सरकारी और निजी जमीन का रास्ता बंद, पीड़िता ने कलेक्टर से लगाई गुहार


बिलासपुर। सकरी तहसील अंतर्गत समलपुरी गांव में सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और रास्ता बंद किए जाने का मामला सामने आया है। तहसीलदार द्वारा स्थगन आदेश जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुकने पर पीड़ित पक्ष ने अब कलेक्टर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार समलपुरी निवासी सुभद्रा बाई साहू, पति दयाशंकर साहू ने शिकायत में बताया है कि उनकी निजी भूमि खसरा नंबर 556/2 रकबा 0.0810 हेक्टेयर स्थित है। उक्त भूमि के सामने शासकीय भूमि खसरा नंबर 548 रकबा 0.8210 हेक्टेयर स्थित है। आरोप है कि अरुण गुप्ता नामक व्यक्ति ने उक्त सरकारी जमीन को अपनी बताते हुए कांटा तार लगाकर घेराबंदी कर दी है।
पीड़िता का कहना है कि घेराबंदी किए जाने से उनकी निजी जमीन तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। विरोध करने पर विवाद की स्थिति निर्मित होने लगी। इसके बाद सुभद्रा बाई ने मामले की शिकायत नायब तहसीलदार सकरी से की थी।
मामले की सुनवाई के बाद नायब तहसीलदार द्वारा स्थगन आदेश जारी किया गया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति द्वारा निर्माण और घेराबंदी का कार्य नहीं रोका गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक आदेश की भी अनदेखी की जा रही है।
अब मामले में पीड़िता ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है तथा सरकारी जमीन से कब्जा हटाने, रास्ता बहाल करने और स्थगन आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!