बिलासपुर पुलिस के शिकायत निवारण शिविर में एक दिन में 60 मामलों का समाधान

बिलासपुर। आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा गुरुवार को बिलासगुड़ी स्थित चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी तथा थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

शिविर में कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका आवेदक एवं अनावेदकों की उपस्थिति में मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर फ्रॉड तथा लेन-देन से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने प्रत्येक फरियादी से स्वयं चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना और उन्हें बार-बार थाने के चक्कर लगाने से राहत देना है।

एसएसपी श्री सिंह ने कहा कि “जनता की सेवा ही पुलिस का पहला धर्म है” और भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बनाए रखें।

पुलिस की इस पहल को लेकर शिविर में पहुंचे फरियादियों ने संतोष व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की। लोगों ने कहा कि एक ही स्थान पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों का त्वरित समाधान होने से उन्हें काफी राहत मिली।

शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) श्रीमती रश्मित कौर चावला, सीएसपी कोतवाली, सीएसपी सिविल लाइन, डीएसपी आजाक, सभी एसडीओपी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!