
आकाश दत्त मिश्रा

नागपुर, 4 मार्च 2026।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नागपुर मंडल ने “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेन में हुई 6.68 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषणों की चोरी का महज 48 घंटे में पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 11754 रीवा–इतवारी एक्सप्रेस में एक यात्री अपने परिवार के साथ कोच बी-03 की बर्थ संख्या 12 और 15 पर यात्रा कर रहा था। यात्री ने अपना लेदर ट्रॉली बैग बर्थ के नीचे रखकर विश्राम किया। 1 मार्च को गोंदिया स्टेशन से ट्रेन चलने के बाद जब उसकी नींद खुली तो बैग गायब था। बैग में रखे ज्वेलरी बॉक्स में करीब 6,68,000 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण थे।
यात्री ने घटना की शिकायत शासकीय रेल पुलिस, इतवारी में दर्ज कराई, जिसे क्षेत्राधिकार के आधार पर गोंदिया स्थानांतरित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर मंडल के आरपीएफ अधिकारियों ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की रेल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष टीमों का गठन किया।
जांच के दौरान बालाघाट और गोंदिया रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें कुछ संदिग्धों की पहचान हुई। आगे की पड़ताल में रायपुर स्टेशन के सीसीटीवी में भी चारों संदिग्ध नजर आए। इसके बाद टीमों ने दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों और प्रमुख स्टेशनों पर सर्च अभियान चलाया।
रायपुर शहर की एक धर्मशाला के सीसीटीवी फुटेज में 1 मार्च को चारों संदिग्धों के ठहरने की पुष्टि हुई। आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन ट्रेस करने पर उनका स्थान मध्य प्रदेश के कटनी और मैहर क्षेत्र में मिला। इसके बाद आरपीएफ, शासकीय रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को कटनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गया ट्रॉली बैग और सभी स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम संतोष कौशल (रायबरेली, उत्तर प्रदेश), गोविंद कुमार महतो (बेगूसराय, बिहार), टुन्ना मंडल (मुंगेर, बिहार) और मोहम्मद इम्तियाज (बेगूसराय, बिहार) बताए गए हैं। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जीआरपी थाना गोंदिया लाया गया है, जहां आगे की कार्रवाई जारी है।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 या नजदीकी आरपीएफ पोस्ट को दें।
