

बिलासपुर। मंगला क्षेत्र स्थित भाटिया रेसिडेंसी के बी ब्लॉक में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।
जानकारी के अनुसार फ्लैट यश रेलवानी और मधु रेलवानी का है। बताया जा रहा है कि यश रेलवानी अपनी छोटी बहन को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए हुए थे। इसी दौरान रात में फ्लैट में आग लग गई। आसपास के लोगों ने जब धुआं और लपटें उठती देखीं, तब घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब 3 बजे आग पर काबू पाया गया।

हालांकि तब तक फ्लैट का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। आग की चपेट में आकर फर्नीचर, नकदी, किचन का सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दरवाजे-चौखट, टाइल्स, जरूरी दस्तावेज और गहने पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाएं
बिलासपुर शहर में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि हाल के अधिकांश मामलों में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। ऐसे में बिजली व्यवस्था, वायरिंग की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पुराने विद्युत उपकरणों, खराब वायरिंग और सुरक्षा उपायों की अनदेखी के कारण ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।
