सिलसिलेवार चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार , चांपा पुलिस ने लाखों का सामान किया बरामद

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। चांपा थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 1 लाख 3 हजार 200 रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, भोजपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर कंप्यूटर प्रोजेक्टर, सिलिंग फैन और बीएसएनएल वाई-फाई राउटर सहित करीब 40 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया था। वहीं बेलदारपारा चांपा में सूने मकान का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, बर्तन, कपड़े और नगदी पार कर ली गई थी। इसके अलावा भोजपुर के एक अन्य स्कूल परिसर से भी इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री चोरी हुई थी।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार युवकों—यश मिरी, अभिषेक मिरी, आशीष धीवर और नितेश कुर्रे—को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एलईडी टीवी, प्रोजेक्टर, वाई-फाई राउटर, कांसा बर्तन, बैटरी और टुल्लू पंप सहित कुल 1,03,200 रुपये का सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, एएसआई बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी सहित चांपा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!