महिला पर चाकू से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तोरवा पुलिस की कार्रवाई, दोनों सगे भाई निकले आदतन बदमाश


बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में महिला पर चाकू से हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं और आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बन्नाक चौक सिरगिट्टी निवासी लक्ष्मी सतनामी 4 मई की रात अपने एक रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़कर लौट रही थीं। इसी दौरान मुल्कराज होटल के पास आरोपी राजा कोसले और राज उर्फ डैनी कोसले ने बिना किसी कारण विवाद करते हुए उन पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। हमले में महिला की कलाई के पास चोट आई।
घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर तोरवा थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने 6 मई को दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!