
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 152 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भरदैयाडीह के जंगल में अवैध रूप से शराब निर्माण और बिक्री की सूचना मिली थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी बहोरिक राम धनवार (55), निवासी भरदैयाडीह को पकड़ा। उसके कब्जे से 152 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 30,400 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। साथ ही शराब बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
