
यूनुस मेमन
बिलासपुर। रतनपुर हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। तीनों युवक बाइक से बिलासपुर से कोरबा जिले के हरदी बाजार गांव जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, तामेश्वर, जोगेश पटेल और दुर्गेश पटेल पल्सर बाइक पर सवार होकर रात करीब 12:30 बजे सफर कर रहे थे। रतनपुर के पास हाईवे पर तेज रफ्तार के कारण बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए बिलासपुर भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान जोगेश पटेल को सिम्स में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तामेश्वर ने एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना में घायल दुर्गेश पटेल का उपचार जारी है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है।
