
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर परसदा इलाके में देर रात बुलेट सवार तीन बदमाशों ने एक ऑटो चालक और उसके भाई पर हमला कर दहशत फैला दी। आरोपियों ने लोहे की रॉड से युवक के पैर पर वार किया और विरोध करने पर मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया।
पुलिस के अनुसार, तिफरा नया मन्नाडोल निवासी गुलशन साहू सोमवार रात करीब 10:30 बजे अपने मौसेरे भाई सतीश साहू के साथ खाना खाने जा रहा था। दोनों पल्सर बाइक से साहू होटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से बुलेट पर सवार तीन युवक आए और बिना कारण अश्लील गालियां देने लगे।
विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने बाइक रोकते ही गुलशन पर मुक्कों और चाबी से हमला शुरू कर दिया। इसके बाद उसने बुलेट के लेगगार्ड से लोहे की रॉड निकालकर गुलशन के घुटने पर ताबड़तोड़ वार किए। बीच-बचाव के दौरान जब सतीश ने मोबाइल से मदद के लिए कॉल करने की कोशिश की, तो दूसरे आरोपी ने मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद ट्रक चालक जब तक मदद के लिए पहुंचे, तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में गुलशन के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
