आईजी ने ली रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश, अपराध नियंत्रण और आधुनिक पुलिसिंग पर जोर


बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री राम गोपाल गर्ग ने मंगलवार को रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों के निराकरण और आधुनिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा और कोरबा जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आईजी श्री गर्ग ने रेंज में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए बताया कि धारा 173(8) CrPC/193(9) BNSS के तहत कुल 752 मामले लंबित हैं, जिनमें कोरबा और बिलासपुर जिले में संख्या अधिक है। उन्होंने वर्ष 2021 और उससे पुराने मामलों को आगामी दो माह में शून्य करने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।
गंभीर अपराधों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए आईजी ने लूट और डकैती जैसे मामलों में फरार आरोपियों की निगरानी बढ़ाने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अस्पतालों से प्राप्त एमएलसी (MLC) मामलों में 24 घंटे के भीतर संबंधित थाने को सूचना देने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किए बिना प्रारंभिक जांच शुरू करने के निर्देश भी दिए।
तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर जोर देते हुए आईजी ने ‘मानस पोर्टल’ के माध्यम से नारकोटिक्स संबंधी सूचनाओं का शत-प्रतिशत सत्यापन, ‘सशक्त एप’ में डेटा अपडेट रखने तथा ‘अनुभव एप’ के जरिए आम नागरिकों से स्वैच्छिक फीडबैक लेने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में आईजी श्री गर्ग ने सभी अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!