
बिलासपुर। सेंट्रल जेल में बंद दुष्कर्म के एक कैदी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बंदी सुबह तक सामान्य स्थिति में था, लेकिन अचानक सीने में दर्द उठने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा निवासी राजू मरकाम (30) को 26 सितंबर 2025 को दुष्कर्म के मामले में जेल भेजा गया था। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह नहाकर बैरक में लौटा था। इसी दौरान करीब सवा 11 बजे उसे अचानक सीने में तेज दर्द शुरू हुआ।
जेल स्टाफ की सूचना पर उसे तत्काल जेल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया गया। सिम्स में भर्ती कर डॉक्टरों द्वारा उपचार शुरू किया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
