
बिलासपुर। शहर के मैग्नेटो मॉल में संचालित एक कथित कंपनी द्वारा गिफ्ट और हॉलीडे पैकेज का लालच देकर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। क्लबरियॉट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी पर 15 से 20 लोगों से करीब 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी का आरोप है। सिविल लाइन पुलिस ने कंपनी के संचालक समेत 16 कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पीड़ित अमित गुप्ता के अनुसार, उन्हें 20 फरवरी को एक कॉल आया, जिसमें बताया गया कि उनका नाम लकी कूपन में निकला है और उन्हें मैग्नेटो मॉल की चौथी मंजिल स्थित ऑफिस क्रमांक 415 में गिफ्ट लेने बुलाया गया। वहां पहुंचने पर उन्हें आकर्षक हॉलीडे पैकेज का प्रस्ताव दिया गया। पहले चरण में 27 फरवरी को 25 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए, इसके बाद टिकट बुकिंग के नाम पर 50 हजार रुपये और ले लिए गए।
आरोपियों ने पैकेज और टिकट की जानकारी ईमेल पर भेजने का भरोसा दिलाया, लेकिन इसके बाद उनके फोन बंद हो गए। संदेह होने पर जब पीड़ित 24 अप्रैल को कार्यालय पहुंचे, तो वहां ताला लगा मिला। मौके पर पहले से मौजूद अन्य लोग भी इसी तरह ठगी का शिकार हो चुके थे।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह ने बिलासपुर के अलावा रायपुर के मैग्नेटो मॉल और भिलाई के सूर्या मॉल में भी अपने कार्यालय खोल रखे थे। ठग नौकरीपेशा और संपन्न वर्ग के लोगों को निशाना बनाकर क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से रकम वसूलते थे।
एएसपी सिटी पंकज पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान कॉल, लकी कूपन या मुफ्त गिफ्ट के नाम पर बुलाए जाने पर सतर्क रहें। बिना पूरी जांच-पड़ताल के किसी भी योजना या पैकेज में पैसे न लगाएं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
