आरटीई के तहत अब निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया आसान, 30 मई तक होंगे दाखिलेऑनलाइन प्रणाली से बढ़ी पारदर्शिता, अभिभावकों को मोबाइल पर मिलेगी सूचना


बिलासपुर। शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए आरटीई (Right to Education) के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया इस बार अधिक सरल और पारदर्शी बनाई गई है। चयनित बच्चों के अभिभावकों को अब मोबाइल पर सूचना दी जा रही है और बिना दोबारा दस्तावेज जांच के सीधे प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रथम चरण के दाखिले 30 मई तक पूरे किए जाएंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन आरटीई पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है। नोडल स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन पहले ही किया जा चुका है, जिससे अभिभावकों को दोबारा कागजात जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। स्कूल प्रबंधन और नोडल प्राचार्यों को प्रवेश प्रक्रिया को सहज और सुगम बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रथम चरण की समय-सारणी के अनुसार, जनवरी में स्कूल प्रोफाइल अपडेट, फरवरी तक सीट सत्यापन, 16 फरवरी से 31 मार्च तक पंजीयन और नोडल सत्यापन, 13 से 17 अप्रैल के बीच लॉटरी व सीट आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई। वर्तमान में 1 से 30 मई तक प्रवेश प्रक्रिया जारी है। वहीं, अधिक बच्चों को लाभ देने के लिए जून से अगस्त के बीच दूसरे चरण की प्रक्रिया भी संचालित की जाएगी।
राज्य स्तर पर इस सत्र में कुल 14,403 बच्चों का चयन किया गया है। इनमें रायपुर में सर्वाधिक 2606, बिलासपुर में 1509, दुर्ग में 1059, बलरामपुर में 798 और मुंगेली में 702 बच्चों को अवसर मिला है। वहीं सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर और दंतेवाड़ा जैसे जिलों में चयनित बच्चों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही है।
बिलासपुर जिले में आरटीई के तहत 523 निजी स्कूलों में करीब 5400 से अधिक सीटों पर निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने से पारदर्शिता बढ़ी है और अभिभावकों को राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!