नारियल खरीदने के विवाद में कैंची से हमला, बाप-बेटे गंभीर, मल्हार क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार


बिलासपुर। मस्तूरी थाना अंतर्गत मल्हार चौकी क्षेत्र में नारियल खरीदने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। एक युवक ने कैंची से बाप-बेटे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सोमवार रात मेला चौक की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मल्हार निवासी जयशंकर साहू ने शिकायत में बताया कि रात करीब 8 बजे गांव में नारियल खरीदने को लेकर कहासुनी चल रही थी। इसी दौरान मोहल्ले का ही आरोपी ज्ञान उर्फ लक्की श्रीवास वहां पहुंचा और बिना कारण रूपेश केंवट व उसके पिता मनहरण केंवट से विवाद करने लगा। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखी चाकू नुमा कैंची से रूपेश पर हमला कर दिया।
हमले में रूपेश के होंठ, भुजा, सीने और पेट पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता मनहरण केंवट पर भी आरोपी ने पीछे से वार कर दिया, जिससे उनकी पीठ पर गहरे घाव हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। रूपेश मेडिकल स्टोर के सामने बेहोश अवस्था में मिला, जिसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को मस्तूरी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मामले में धारदार हथियार से हमला सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। वारदात में शामिल एक आरोपी बोदला उर्फ राजू साहू को सरकंडा पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!