


बिलासपुर, 04 मई 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अप्रैल माह में चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत बिलासपुर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिले में एक माह के भीतर कुल 648 गुमशुदा एवं अपहृत लोगों को दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया गया।

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान के तहत 69 अपहृत बालक-बालिकाओं को बरामद किया गया, जिनमें 11 बालक और 58 बालिकाएं शामिल हैं। वहीं ऑपरेशन तलाश के तहत 579 महिलाओं और पुरुषों को खोज निकाला गया, जिसमें 430 महिलाएं और 149 पुरुष शामिल हैं।

अभियान का संचालन 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले के सभी लंबित मामलों की समीक्षा की गई और राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र को सशक्त बनाकर विभिन्न राज्यों में तलाश अभियान चलाया गया।

पुलिस टीमों ने राज्य के बाहर भी सक्रियता दिखाते हुए महाराष्ट्र से दो बालिकाओं और ओडिशा से एक बालिका को सुरक्षित बरामद किया। इसके अलावा राज्य के विभिन्न जिलों से 66 बालक-बालिकाओं तथा सैकड़ों महिला-पुरुषों को खोजकर उनके परिवारों को सौंपा गया।

इस अभियान की सफलता से कई परिवारों को अपने बिछड़े सदस्यों से मिलने का अवसर मिला, जिससे उनके चेहरों पर खुशी लौट आई। परिजनों ने इसके लिए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर जिले ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत राज्य में प्रथम स्थान तथा ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस उपलब्धि के लिए अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की है।

