
यूनुस मेमन

धार्मिक नगरी रतनपुर में सुशासन दिवस के अवसर पर आज शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में बहु-विभागीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने एक ही स्थान पर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की।

कार्यक्रम में कोटा एसडीएम, रतनपुर तहसीलदार, नगर पालिका अध्यक्ष एवं नगर पालिका सीएमओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों का निराकरण करते हुए शेष मामलों के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
शिविर के दौरान कुल 180 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, राजस्व संबंधित प्रकरण तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। आमजन ने अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रखकर राहत महसूस की।
इस अवसर पर राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल संसाधन विभाग, खाद्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों को योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह स्पष्ट है कि ऐसे आयोजन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं।
