पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 15 लाख की ठगी, कंपनी डायरेक्टर रीवा से गिरफ्तार


बिलासपुर। निवेश पर दोगुना लाभ का झांसा देकर ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक कंपनी डायरेक्टर को सिटी कोतवाली पुलिस ने मध्यप्रदेश के रीवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी फेकुराम चतुर्वेदी, निवासी करवा चौकी बेलगहना, ने 18 मार्च 2025 को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच “रीगल भवन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लिमिटेड” कंपनी के डायरेक्टर पंकज कुमार वर्मा ने गांव के लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर एजेंट बनाया और निवेश कराया।
आरोपी द्वारा निवेशकों से राशि एकत्र कर करबला रोड स्थित कार्यालय में जमा कराई जाती थी। इस दौरान गांव के कई लोगों से करीब 15 लाख रुपये एकत्र किए गए। इसके बाद आरोपी कार्यालय बंद कर फरार हो गया, जिससे निवेशकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 159/2025 के तहत धारा 420, 34 भादवि में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए रीवा जिले के ग्राम टिकिया, थाना चोरहटा क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!