

बिलासपुर, 27 अप्रैल 2026। बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र से लापता हुए छात्र को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। छात्र करीब डेढ़ महीने से लापता था।
पुलिस के अनुसार, गुमशुदा छात्र रोहित कुमार (20 वर्ष), निवासी गया (बिहार), डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल में रहकर बी.फार्मेसी चतुर्थ सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। वह 6 मार्च 2026 को अचानक हॉस्टल से लापता हो गया था। मामले में 7 मार्च को थाना कोटा में गुम इंसान क्रमांक 29/2026 दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर “गुम इंसान तलाश अभियान” के तहत मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर छात्र की तलाश की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने छात्र के सहपाठियों और हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों से पूछताछ की। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक खाते की गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों जैसे दमोह, मथुरा और वृंदावन तक जाकर भी पतासाजी की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
नागपुर से बरामदगी
25 अप्रैल 2026 को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्र के नागपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और 26 अप्रैल को नागपुर से रोहित कुमार को बरामद कर बिलासपुर लाया गया।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ के दौरान छात्र ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग में संलिप्त था और कई लोगों से उधार लेकर गेम में पैसे लगा रहा था। इस बात के सामने आने के डर से उसने हॉस्टल से भागने की योजना बनाई थी।
परिजनों को सौंपा गया
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद छात्र को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, उपनिरीक्षक गोपाल खाण्डेकर, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, अनिल साहू, जलेश्वर साहू तथा साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
