

मुंबई। मुंबई के पायधुनी इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाने से ऐसी घटना हो सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35) तथा उनकी दो बेटियां आयशा (16) और जैनब (13) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 25 अप्रैल की रात करीब 9 बजे परिवार के सदस्यों सहित पांच अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर बिरयानी खाई थी। इसके बाद देर रात लगभग 1 बजे परिवार के लोगों ने तरबूज का सेवन किया।
बताया गया कि 26 अप्रैल की सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच परिवार के सभी सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। सभी को तेज दस्त और उल्टी की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पास के एक चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां उन्हें इंजेक्शन दिया गया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
स्थिति गंभीर होने पर सभी को तुरंत जेजे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों का उपचार जारी बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटना के बाद बिरयानी और तरबूज के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फूड सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या वास्तव में बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाने से किसी की मौत हो सकती है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि सामान्य परिस्थितियों में किसी भी दो खाद्य पदार्थों को साथ या अलग-अलग खाने से सीधे मौत नहीं होती, बल्कि भोजन के खराब या दूषित होने की स्थिति में फूड प्वाइजनिंग जैसी गंभीर समस्या हो सकती है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। घटना ने पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
