तखतपुर में सट्टा कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार


जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगद 1 लाख 85 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन तथा सट्टा लेखा-जोखा से संबंधित सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 22 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि तखतपुर के नया बस स्टैंड स्थित वेलकम गेट के पास कुछ लोग अंकों पर पैसे का दांव लगाकर सट्टा खेल रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना तखतपुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां अभिषेक सिंह ठाकुर (35 वर्ष), निवासी शंकर वार्ड मल्हापारा, मुंगेली को रंगे हाथ सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से नगद राशि, मोबाइल फोन तथा सट्टा पर्ची बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगी अस्मित गुप्ता (22 वर्ष), निवासी शंकर वार्ड मल्हापारा, मुंगेली का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई संगठित रूप से सट्टा संचालन करने वालों के खिलाफ की गई है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!