

पेण्ड्रा/मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बगरार में एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद करीब 80 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना ने अब संदिग्ध मोड़ ले लिया है और पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त एसईसीएल कर्मचारी दुलीचंद राय (80) अपनी पत्नी इंदिरा देवी राय के साथ गांव में रहते थे। दंपती की कोई संतान नहीं है। 20 अप्रैल की सुबह इंदिरा देवी की अचानक मौत हो गई, जिसे परिजनों और ग्रामीणों ने वृद्धावस्था और बीमारी के कारण सामान्य मृत्यु मान लिया।

बताया जा रहा है कि परिवार का एकमात्र नजदीकी रिश्तेदार भतीजा उस समय पचमढ़ी में एक शादी समारोह में गया हुआ था। उसकी अनुपस्थिति में ही जल्दबाजी में महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले का खुलासा 21 अप्रैल को तब हुआ, जब भतीजे के लौटने के बाद घर की तलाशी ली गई। इस दौरान सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरों से भरा सूटकेस और एक पेटी गायब मिली। खोजबीन करने पर घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत में सूटकेस और पेटी खाली अवस्था में बरामद हुई। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के सामने आने के बाद महिला की मौत को लेकर भी संदेह गहरा गया है। आशंका जताई जा रही है कि चोरी की नीयत से आरोपियों ने महिला की हत्या की हो और मामले को सामान्य मौत समझकर अंतिम संस्कार कर दिया गया हो।
थाना प्रभारी श्याम गढ़वाल ने बताया कि पुलिस मृतका के पति दुलीचंद राय से पूछताछ कर रही है और अंतिम संस्कार से पहले की परिस्थितियों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही तथ्य सामने लाए जाएंगे।
पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला महज चोरी का है या इसके पीछे कोई गंभीर आपराधिक साजिश छिपी हुई है।
