
बिलासपुर। शिवघाट बराज पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन हाइट बैरियर से टकरा गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन की ट्रॉली में बैठे छह युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में लोरमी निवासी प्रकाश रामकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में चंद्रप्रकाश, कुलदीप साहू, संदीप ध्रुव, अजय कश्यप और साहिल चंद्राकर शामिल हैं, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, भारत लाइट हाउस के 10-15 कर्मचारी सरकंडा क्षेत्र में एक शादी समारोह में कार्य करने के बाद देर रात लौट रहे थे। सभी पिकअप की ट्रॉली में लाइट का सामान लेकर मुंगेली नाका मंगला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक ने शॉर्टकट के लिए शिवघाट बराज मार्ग का चयन किया।
बताया जा रहा है कि बराज पर हाल ही में नई सड़क का निर्माण किया गया है, जहां बड़े वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए हाइट बैरियर लगाया गया है। हालांकि, पर्याप्त रोशनी के अभाव में चालक को बैरियर दिखाई नहीं दिया और वाहन सीधे उससे जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नई सड़क होने के कारण वाहन की गति अधिक थी, जिससे दुर्घटना की तीव्रता बढ़ गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे लाइट पोल लगाए गए हैं, लेकिन उन्हें अब तक चालू नहीं किया गया है। यदि रोशनी की उचित व्यवस्था होती, तो हादसे को टाला जा सकता था।
सूचना मिलते ही प्रदीप आर्या पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क हादसों में बढ़ती चिंता
जिले में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। पिछले छह महीनों में चालक की लापरवाही के कारण 57 हादसों में 28 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 97 लोग घायल हुए हैं। औसतन हर माह 9 दुर्घटनाएं और 4 से अधिक मौतें दर्ज की गई हैं, जो यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
