
यूनुस मेमन

बेलतरा। तहसील क्षेत्र में लंबे समय से मिल रही अवैध रेत उत्खनन की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बेलतरा तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने अकलतरी एवं लखराम ग्राम में छापामार कार्रवाई कर अवैध रूप से रेत उत्खनन में लगे पांच ट्रैक्टरों को मौके पर ही जब्त कर लिया।
मौके पर मौजूद संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र में लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोगों द्वारा नदी एवं आसपास के क्षेत्रों से बिना अनुमति रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बेलतरा तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से अकलतरी एवं लखराम गांव में दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए पांच ट्रैक्टरों को पकड़ा। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध उत्खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। मौके से पकड़े गए सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर बेलतरा तहसील कार्यालय लाया गया, जहां उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अवैध रेत उत्खनन से न केवल शासन को राजस्व की हानि होती है, बल्कि इससे पर्यावरण और नदी तंत्र को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है। इसी कारण प्रशासन इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखे हुए है।
तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह की छापामार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध उत्खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पर प्रभावी रोक लग सकेगी और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित होगा।
