
यूनुस मेमन
बिलासपुर। शहर के तिफरा क्षेत्र अंतर्गत मन्ना डोल, खुशी बिहार कॉलोनी और सब्जी मंडी इलाके में बीती रात से ही बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे स्थानीय लोग भीषण गर्मी में भारी परेशानी झेल रहे हैं। रातभर बिजली नहीं रहने के कारण लोगों की नींद खराब हो गई और छोटे बच्चों व बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते घंटों से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो अधिकारी मौके पर पहुंचे और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई है।
गर्मी के इस मौसम में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
रहवासियों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द बिजली बहाल करने और भविष्य में ऐसी समस्या से बचने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।
