

बिलासपुर। पोहिला बैसाख के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में बंगाली नववर्ष का आयोजन हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में बंगाली एसोसिएशन काली बाड़ी के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विष्णु देव साय का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान अतिथियों एवं उपस्थित जनों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन कर नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय के कर-कमलों से काली बाड़ी बिलासपुर द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर का विधिवत विमोचन भी किया गया। कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।
कार्यक्रम में बंगाल की समृद्ध संस्कृति, कला एवं परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए आपसी सौहार्द एवं सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।

