मोबाइल टॉवर से केबल चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, छह आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल टॉवर से केबल तार चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान तीन वयस्क आरोपियों के साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के कॉपर और एल्युमिनियम केबल सहित एक कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खम्हरिया के सोंठी रोड बाजार के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना में बताया गया कि ये युवक दिन के समय एक कमरे में रहते हैं और रात में एक कार से निकलते हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सीपत ने टीम गठित कर घेराबंदी की कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी शहबाज अली सहित अन्य को पकड़ा गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे पिछले चार-पांच महीनों से गिरोह बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से केबल तार चोरी कर रहे थे। चोरी की घटनाएं तखतपुर, काठाकोनी, चोरभट्ठी, गनियारी, जयरामनगर (जिला मुंगेली), कुंडा (कबीरधाम), अकलतरा (कोरबा) सहित कई स्थानों पर अंजाम दी गईं।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 2 लाख 90 हजार 400 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है। इसमें एक क्विंटल दो किलोग्राम छीला हुआ कॉपर केबल (कीमत 1,22,400 रुपये), 54 किलोग्राम प्लास्टिक कोटेड कॉपर केबल (कीमत 1,08,000 रुपये) तथा 12 बंडल एल्युमिनियम तार (कीमत 60,000 रुपये) शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की आर्टिका कार भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने शहबाज अली (25 वर्ष), जगदीश कुमार पटेल (24 वर्ष) और मोईउद्दीन (27 वर्ष), सभी निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना सीपत को गिरफ्तार किया है। वहीं तीन विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस ने सभी वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!