गर्मी से झुलसा छत्तीसगढ़, स्कूली बच्चों को राहत देते हुए 20 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन छुट्टी की घोषणा

रायपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि 20 अप्रैल से सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू कर दिया जाएगा। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे खासकर छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को लेकर पालकों ने भी सरकार से स्कूलों में छुट्टी घोषित करने की मांग की थी। बढ़ती गर्मी और अभिभावकों की चिंता को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने यह महत्वपूर्ण फैसला किया।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि प्रदेश में गर्मी का असर दिन-ब-दिन तेज होता जा रहा है। ऐसे में बच्चों को इस भीषण गर्मी से बचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं करेगी।

इस फैसले से विद्यार्थियों और पालकों को बड़ी राहत मिलेगी। अब बच्चे तेज गर्मी से बचते हुए घर पर सुरक्षित रह सकेंगे। सरकार जल्द ही इस संबंध में औपचारिक आदेश भी जारी करने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!