

बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र स्थित रेलवे के सेंट्रल अस्पताल में पदस्थ नर्सिंग स्टाफ के साथ ठगी का मामला सामने आया है। जालसाज ने ट्रांसफर की धमकी देकर नर्सिंग सुपरिटेंडेंट सहित तीन नर्सों से करीब सवा लाख रुपये वसूल लिए। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ने स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए नर्स लक्ष्मी साहू को फोन किया। उसने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो नई नियुक्ति के बाद उनका ट्रांसफर छत्तीसगढ़ से बाहर नागपुर कर दिया जाएगा। धमकी से भयभीत होकर लक्ष्मी साहू ने 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद जालसाज ने इसी तरह मृदुला, कामनी और प्रीति नामक नर्सों को भी फोन कर ट्रांसफर का डर दिखाया। तीनों ने अलग-अलग रकम मिलाकर लगभग एक लाख रुपये आरोपी को भेज दिए।
घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने दो मोबाइल नंबरों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। कॉल डिटेल्स के जरिए आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
