


बिलासपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने घर में घुसकर सोने के जेवर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि चोरी के जेवर मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखे गए थे, जहां मैनेजर ने उन्हें गला कर ठिकाने लगाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रशांत कुमार मिश्रा निवासी राजेंद्र नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 जून 2025 को अज्ञात चोरों ने उनकी मां के 40 ग्राम सोने के चार कंगन और 1 लाख रुपये नगद अलमारी का ताला तोड़कर चोरी कर लिए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम लोफंदी नयापारा निवासी दीपक पटेल (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए सोने के कंगनों को मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन लिया गया था।

जांच में यह भी सामने आया कि मणप्पुरम फाइनेंस का मैनेजर आजम बेग (25 वर्ष) चोरी का सोना होने की जानकारी होने के बावजूद उसे गला कर ठिकाने लगाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए करीब 40 ग्राम गला हुआ सोना (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) और 1000 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 14 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
