

मुंगेली, 11 अप्रैल 2026। मुंगेली पुलिस द्वारा नशे के कारोबार और सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराज पटेल के निर्देशन में थाना लोरमी और जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी और सट्टा के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, वहीं सट्टा के दो प्रकरणों में भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 10 अप्रैल 2026 को ग्राम महरपुर तिराहा में आरोपी अरविंद राजपूत उर्फ छोटू (30 वर्ष), निवासी महरपुर, थाना लोरमी को मोटरसाइकिल (होंडा शाइन क्रमांक CG 28 L 2409) में अवैध रूप से परिवहन की जा रही 50 पाव देशी प्लेन शराब (लगभग 9 बल्क लीटर) के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शराब सहित मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
इसी प्रकार थाना जरहागांव क्षेत्र के ग्राम अमोरा में 8 अप्रैल 2026 को पुलिस ने आरोपी सुभाष प्रजापति (25 वर्ष), निवासी अमोरा को उसके प्लॉट में अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री करते हुए पकड़ा। मौके से लगभग 40–50 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4,000 रुपये बताई गई। दोनों आरोपियों को धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इसके अलावा थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम गाड़ाटोला में सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दिनेश ध्रुव (40 वर्ष) और बोधन खुंटे (34 वर्ष) को सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से सट्टा पट्टी, 2 मोबाइल फोन (व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा संचालन में प्रयुक्त) तथा 2,100 रुपये नगद जब्त किए गए। दोनों के विरुद्ध सट्टा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ और जुआ-सट्टा के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना लोरमी प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, थाना जरहागांव प्रभारी उपनिरीक्षक श्रीमती शोभा यादव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र पुरी गोस्वामी सहित लोरमी, जरहागांव एवं साइबर सेल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
