

संवाददाता : संतोष यादव
स्थान : रामानुजनगर/सूरजपुर (छत्तीसगढ़)
सूरजपुर – रामानुजनगर। विकासखंड रामानुजनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवना स्थित साहू चौक में निर्माणाधीन नाली कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण में सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री का अनुपात सही नहीं रखा जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य जल्दबाजी और लापरवाही के साथ किया जा रहा है, जिसके कारण नाली की मजबूती और टिकाऊपन पर संदेह उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई तो सरकारी राशि का दुरुपयोग होने के साथ-साथ निर्माण कार्य भी जल्द क्षतिग्रस्त हो सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता या घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार, निर्माण एजेंसी एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन यदि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किया जाएगा तो विकास कार्यों का उद्देश्य ही विफल हो जाएगा।
