

बिलासपुर। भीषण गर्मी के मौसम में जहां इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों को भी पानी की कमी का सामना करना पड़ता है, वहीं शहर के समाजसेवी चंचल सलूजा ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। वे लोगों को अपने घरों के बाहर और छतों पर पक्षियों के लिए पानी और दाना रखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
समाजसेवी चंचल सलूजा का कहना है कि गर्मी का मौसम पक्षियों के लिए जानलेवा साबित होता है, क्योंकि इस दौरान उन्हें पीने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। ऐसे में यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर की छत या आंगन में मिट्टी के कसोरे या किसी बर्तन में पानी भरकर रखे, तो कई प्यासे परिंदों को राहत मिल सकती है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पशु-पक्षियों की सेवा करना हर मनुष्य का कर्तव्य है। जो जीव अपनी पीड़ा स्वयं व्यक्त नहीं कर सकते, उनकी सहायता करना ही सच्ची मानवता है। इस छोटी-सी पहल से न केवल पक्षियों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में कई सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों द्वारा भी इस तरह के अभियान चलाए जाते हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को पशु-पक्षियों के प्रति जागरूक करना और उन्हें दाना-पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना है।
