15 अप्रैल पोइला बोइशाख बंगाली नव वर्ष पर छत्तीसगढ़ बंगाली समाज का होगा भव्य आयोजन, तैयारी जोर-शोर से जारी

चुनावी सरगर्मियो के बीच पश्चिम बंगाल में बुधवार 15 अप्रैल को बंगाली नव वर्ष पहला बैसाख धूमधाम से मनाया जाएगा। नव वर्ष के पहले दिन को बंगाल में बड़ा ही उत्साह, परंपरा और सांस्कृतिक महत्व के साथ मनाया जाता है। यह बंगाली कैलेंडर वैशाख का पहला दिन है। इसे लेकर भी एक दिलचस्प कहानी है, जिसका संबंध मुगल इतिहास से जुड़ा हुआ है।

मुगल बादशाह अकबर ने किसानों से टैक्स वसूली को आसान बनाने के लिए नए कैलेंडर की शुरुआत की थी जैसे बंगाली कैलेंडर बंगाब्द कहा जाता है। यह फसल के मौसम के अनुसार बनाया गया था ताकि किसान फसल कटाई के बाद लगान दे सके। कृषि आधारित जीवन में वैशाख का यह महीना नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। बंगाल में उस दिन जहां नए हल खाते की शुरुआत होती है, वही लोग घरों और दुकानों की सजावट करते हैं । साफ-सफाई के साथ अल्पना बनाई जाती है। नए पारंपरिक कपड़े पहनकर लोग मंदिर जाते हैं ।

पूजा अर्चना कर पूरे वर्ष के लिए मंगल कामना की जाती है। घरों में विशेष व्यंजन बनाए जाते हैं जिसमें मछली और मिठाइयों का विशेष महत्व है। कई स्थानों पर गीत, संगीत नृत्य का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होता है। कई स्थानों पर मेले का भी आयोजन होता है। पहला बैशाख सिर्फ नया साल नहीं बल्कि नई उम्मीद, नई शुरुआत और सांस्कृतिक एकता का त्यौहार है। जिसमे परंपरा , व्यापार भोजन और उत्सव सबका सुंदर मेल देखने को मिलता है।

केवल बंगाल में ही नहीं बल्कि बंगाल से बाहर रहने वाले प्रवासी बंगाली भी बड़े ही उत्साह के साथ पोइला बोइशाख का पर्व मनाते हैं। बिलासपुर में भी इसका उत्साह देखा जा सकता है । हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 अप्रैल बुधवार की संध्या छत्तीसगढ़ बंगाली समाज द्वारा तोरवा स्थित बंग भवन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अलग-अलग आयु वर्ग के कलाकार गीत- संगीत, नृत्य ,नाटक ,कविता पाठ आदि की प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल शामिल होंगे।

आयोजन प्रमुख पल्लव धर ने बताया कि इसकी तैयारी आरंभ हो चुकी है और प्रतिभागी जमकर रिहर्सल कर रहे हैं। 15 अप्रैल की शाम 6:00 बजे से ही कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इस मौके पर समाज के प्रबुद्ध प्रतिभाओ और विशिष्ट जनों का सम्मान भी किया जाएगा । इस अवसर पर समूह भोज का भी आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!