बिलासपुर यातायात पुलिस की पहल: एडवांस्ड ब्रीथ एनालाइजर पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित


बिलासपुर, 11 अप्रैल 2026।
यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एडवांस्ड ब्रीथ एनालाइजर मशीन के उपयोग पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चेतना भवन, पुलिस लाइन बिलासपुर में आयोजित हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के सभी थाना, चौकी एवं पुलिस सहायता केंद्रों के प्रभारी सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा ब्रीथ एनालाइजर (एल्कोमीटर) मशीन के उपयोग, उसके कार्यप्रणाली तथा वाहन चालकों के श्वास में अल्कोहल की मात्रा मापने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार प्राप्त डाटा का उपयोग कानूनी कार्यवाही में किया जाता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक मृत्यु दुपहिया वाहन चालकों की होती है, जिसमें तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना तथा नशे की हालत में ड्राइविंग प्रमुख कारण हैं। इसे ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
कार्यशाला में एडवांस्ड वर्जन की मशीनों की जानकारी भी दी गई, जो बिना फूंक लिए केवल गंध के आधार पर ही अल्कोहल की मात्रा का पता लगा सकती हैं। इससे मौके पर ही त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
इसके अलावा आईटीएमएस, पीओएस मशीन, एम-परिवहन पोर्टल एवं सिटिजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन चालानी कार्यवाही को प्रभावी बनाने हेतु भी अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब के नशे में वाहन चलाने से दुर्घटना होने की स्थिति में आरोपी चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के साथ-साथ अन्य सुसंगत आपराधिक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया। उन्हें सुझाव दिया गया कि अपने प्रतिष्ठानों में ब्रीथ एनालाइजर मशीन अनिवार्य रूप से स्थापित करें, जिससे नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, डीएसपी शिवचरण परिहार, एनटीपीसी, एसईसीएल के अधिकारी, ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के सदस्य सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!