मेंटेनेंस के चलते शहर में बिजली कटौती: अगले 20 दिन रोज 4 से 6 घंटे सप्लाई रहेगी बंद


बिलासपुर। शहर की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग ने व्यापक मेंटेनेंस शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत अलग-अलग डिवीजनों और फीडरों में अगले 20 दिनों तक रोजाना 4 से 6 घंटे तक बिजली बंद रहेगी। इस दौरान शहर और आसपास के कई प्रमुख इलाकों में उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
कार्यपालन यंत्री बीबी नेताम के अनुसार, मेंटेनेंस कार्य के तहत नेहरू नगर डिवीजन में 10 से 13 अप्रैल तक रोज सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक करीब साढ़े चार घंटे बिजली बंद रखी जाएगी। इस दौरान शांति नगर, भारतीय नगर, नेहरू नगर, चांटीडीह, अशोक नगर, इंदु चौक, कोनी और इंदिरा विहार सहित कई क्षेत्रों में बारी-बारी से सप्लाई रोकी जाएगी।
नेहरू नगर डिवीजन का शेड्यूल
10 अप्रैल: मुक्तिधाम चौक, गीतांजलि नगर, बृहस्पति बाजार, नेहरू नगर
11 अप्रैल: सरकंडा, मोपका, चांटीडीह, अशोक नगर
12 अप्रैल: इंदु चौक, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, जेल रोड, कोनी, सिविल लाइन
13 अप्रैल: बृहस्पति बाजार, सदर बाजार, मिशन अस्पताल रोड, तिलक नगर
सकरी और आसपास के क्षेत्रों में 6 घंटे कटौती
सकरी वितरण केंद्र के अंतर्गत 33 केवी और 11 केवी फीडरों में 13 से 30 अप्रैल तक रोज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इस दौरान आसमा, रामा लाइफ, उसलापुर, सकरी, अमेरी, सैदा, काठाकोनी, कुरेली, सावंताल और पेंडारी सहित कई इलाके प्रभावित होंगे।
अन्य डिवीजनों में भी मेंटेनेंस
मल्हार वितरण केंद्र: 13 से 19 अप्रैल तक सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक (सरसेनी, नेवारी, नवोदय, मल्हार शहर)
पचपेड़ी क्षेत्र: 15 से 24 अप्रैल तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक (भरारी, भटचौरा, ओखर, मानिकचौरी)
चिल्हाटी क्षेत्र: 15 से 28 अप्रैल तक रोजाना 6 घंटे (लोहर्सी, कुकुर्दी, बसंतपुर, जोंधरा)
इस दौरान कोटा, तखतपुर, उसलापुर, सकरी, दैजा और सिरगिट्टी जैसे क्षेत्रों में भी मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा।
तोरवा डिवीजन में शिकायतें जारी
इधर, तोरवा डिवीजन में 5 से 11 अप्रैल तक मेंटेनेंस कार्य जारी है, लेकिन इसके बावजूद उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
व्यवस्था सुधारने का दावा
बिजली विभाग का कहना है कि यह मेंटेनेंस कार्य शहर की बिजली व्यवस्था को बेहतर और स्थिर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, काम पूरा होने के बाद ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सप्लाई मिल सकेगी।
हालांकि, लगातार कई घंटों की कटौती से आमजन, व्यापारी, विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित समय में आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!