

बिलासपुर। शहरवासियों को घरेलू गैस की किल्लत से जल्द राहत मिलने वाली है। पाइप से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) सप्लाई की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। मई माह से इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि जुलाई से पहले चरण में घर-घर गैस आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। शहर में करीब 40 किलोमीटर लंबी मुख्य गैस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जिससे कई इलाके गैस नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।
पहले चरण में राजकिशोर नगर, मोपका और सरकंडा क्षेत्र के करीब 5 हजार घरों को पीएनजी कनेक्शन दिया जाएगा। इस परियोजना के तहत Adani Total Gas Limited (एटीजीएल) को बिलासपुर, कोरबा और अनूपपुर में लगभग 75 हजार घरों में गैस कनेक्शन देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें अकेले बिलासपुर के 30 हजार घर शामिल हैं।

ट्रांसमिशन प्लांट तैयार, गैस पहुंची शहर
कछार क्षेत्र में ट्रांसमिशन प्लांट बनकर तैयार हो चुका है। मुंबई-नागपुर-झांसी मुख्य पाइपलाइन के जरिए गैस प्लांट तक पहुंच चुकी है और अब इसे शहर में सप्लाई किया जाएगा। नगर निगम से पाइपलाइन बिछाने की अनुमति भी मिल चुकी है, वहीं प्रशासन पूरे प्रोजेक्ट की निगरानी कर रहा है ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके।
कलेक्टर Sanjay Agrawal ने हाल ही में अधिकारियों की बैठक लेकर 100 किलोमीटर तक की छोटी पाइपलाइन बिछाने की अनुमति दी। इस प्रोजेक्ट के लिए एडीएम शिव बनर्जी को नोडल अधिकारी और फूड कंट्रोलर अमृत कुजूर को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को कंपनी की वेबसाइट या अधिकृत पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए आधार कार्ड और पते का प्रमाण जरूरी होगा।
कितने समय में मिलेगा कनेक्शन
यदि आपके क्षेत्र में पाइपलाइन पहले से पहुंच चुकी है, तो आवेदन के 7-8 दिनों के भीतर मीटर लगाकर कनेक्शन दे दिया जाएगा।
एलपीजी छोड़ना होगा
पीएनजी कनेक्शन लेने के बाद उपभोक्ताओं को अपना घरेलू एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना अनिवार्य होगा। इससे सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी की झंझट पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
कनेक्शन का खर्च और शुल्क
पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए कुल 7,050 रुपए खर्च होंगे:
300 रुपए रजिस्ट्रेशन फीस
6,000 रुपए मीटर सिक्योरिटी (रिफंडेबल)
750 रुपए अतिरिक्त सिक्योरिटी (सप्लाई शुरू होने पर)
क्या एलपीजी से सस्ती होगी पीएनजी?
कंपनी के अनुसार, पीएनजी गैस एलपीजी की तुलना में 20 से 25 प्रतिशत तक सस्ती होगी। साथ ही उपभोक्ताओं को केवल उपयोग के अनुसार ही हर महीने बिल चुकाना होगा, जो ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
24 घंटे मिलेगी गैस, सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम
पीएनजी पाइपलाइन से 24 घंटे लगातार गैस सप्लाई का सिस्टम रहेगा। पाइपलाइन जंग-रोधी होगी और किसी रिसाव की स्थिति में गैस हवा में फैल जाएगी, जिससे खतरा कम होगा। इसके अलावा 24 घंटे पेट्रोलिंग टीम और इमरजेंसी सपोर्ट की व्यवस्था भी रहेगी।
मेंटेनेंस की जिम्मेदारी
घर के बाहर तक की पाइपलाइन और गैस सप्लाई की जिम्मेदारी कंपनी की होगी, जबकि घर के अंदर की फिटिंग और रखरखाव उपभोक्ता को करना होगा।
आगे इन इलाकों में होगा विस्तार
पहले चरण के बाद दूसरे चरण में मंगला, शुभम विहार और उसलापुर जैसे क्षेत्रों में भी पीएनजी कनेक्शन दिए जाएंगे।
निगम से मिली अनुमति
कलेक्टर Sanjay Agrawal ने बताया कि कंपनी को पाइपलाइन बिछाने के लिए नगर निगम से अनुमति मिल चुकी है। प्रोजेक्ट से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा कर समाधान किया गया है।
शहर में पीएनजी प्रोजेक्ट लागू होने से न केवल गैस की उपलब्धता आसान होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित ऊर्जा उपयोग की दिशा में भी यह एक बड़ा कदम साबित होगा।
