

बिलासपुर। तारबाहर–सिरगिट्टी अंडरब्रिज की मरम्मत कार्य में हो रही देरी से नाराज नागरिकों का आक्रोश शुक्रवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने डीआरएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और काम में तेजी लाने की मांग की। इस पर डीआरएम ने प्रदर्शनकारियों को जल्द कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे नागरिक अंडरब्रिज के पास एकत्र हुए और रैली के रूप में डीआरएम कार्यालय पहुंचे। यहां प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मरम्मत कार्य में केवल 2-3 मजदूर ही लगाए गए हैं, जिससे काम बेहद धीमी गति से चल रहा है।

पार्षद पुष्पेंद्र साहू ने बताया कि मौके पर गिने-चुने मजदूर काम करते नजर आए, ऐसे में निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा होना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन को तत्काल अतिरिक्त श्रमिक और संसाधन लगाकर कार्य में तेजी लानी चाहिए।
गौरतलब है कि रेलवे प्रशासन ने अंडरब्रिज को 2 अप्रैल से 45 दिनों के लिए बंद किया है। इसके चलते रेलवे लाइन के पार रहने वाले लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी हो रही है।
नागरिकों ने यह भी बताया कि बीते एक साल के भीतर यह दूसरी बार है जब अंडरब्रिज को मरम्मत के लिए बंद किया गया है। इससे पहले 15 जुलाई से 10 अगस्त 2025 तक भी अंडरब्रिज बंद रहा था। लोगों का कहना है कि हर छह महीने में 30-45 दिनों की बंदी से हजारों लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग 30 से 40 हजार लोग गुजरते हैं, जो आसपास के गांवों को मिलाकर 70 हजार तक पहुंचते हैं। सुबह के समय नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मरम्मत कार्य में तेजी नहीं लाई गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
