
बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर स्ट्रीट लाइट का पोल खड़ा करते समय बड़ा हादसा हो गया। 33 केवी हाईटेंशन लाइन के नीचे बिना शटडाउन लिए काम कराया जा रहा था। पोल बिजली लाइन से टकराते ही उसमें करंट दौड़ गया, जिससे पोल पकड़े हुए पांच मजदूर झुलस गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार मजदूरों को छुट्टी दे दी गई, जबकि एक का उपचार जारी है। नगर निगम ने प्रथम दृष्टया ठेकेदार की लापरवाही मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
हादसा सिरगिट्टी के वार्ड क्रमांक-11 स्थित आदर्श नगर में पानी टंकी के पास हुआ, जहां नगर निगम की ओर से स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य चल रहा था। दोपहर करीब दो बजे मजदूर पोल खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान पोल एक ओर झुककर ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। लाइन के संपर्क में आते ही पूरे पोल में करंट फैल गया और उसे पकड़े हुए पांचों मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने डायल-112 को सूचना दी और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान मध्यप्रदेश के मंडला जिले के दीपक यादव (30), मुकेश कुमार (38), सेवाराम (24), प्रहलाद चौरसिया (45) और जयंती धुर्वे के रूप में हुई है। अस्पताल के अनुसार सभी मजदूर 8 से 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं।
बिना शटडाउन और सुरक्षा इंतजाम के कराया जा रहा था काम
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 33 केवी लाइन के पास कार्य शुरू करने से पहले विभाग से शटडाउन लेना अनिवार्य है, लेकिन संबंधित ठेकेदार ने न तो अनुमति ली और न ही विभाग को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
सिरगिट्टी विद्युत वितरण केंद्र के जूनियर इंजीनियर चंद्रेश पाटकर ने बताया कि घटनास्थल पर न क्रेन और हाइड्रा जैसी आवश्यक मशीनें थीं और न ही सुपरवाइजर अथवा ठेकेदार मौजूद थे। फिलहाल काम रोक दिया गया है तथा घटना की लिखित सूचना सिरगिट्टी थाना को दे दी गई है। हालांकि अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
सुरक्षा उपकरण भी नहीं दिए गए
नगर निगम की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। हाईटेंशन लाइन के नीचे कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं किया गया। इसी आधार पर ठेकेदार राम गोपाल सोमानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नगर निगम के बिजली विभाग के चेयरमैन विजय ताम्रकार ने कहा कि प्रथम दृष्टया ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है, इसलिए नोटिस जारी किया गया है। वहीं बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ए.के. अंबस्थ ने भी बिना शटडाउन और सुरक्षा मानकों के कार्य कराए जाने को गंभीर लापरवाही बताया है।
उधर, एजेंसी संचालक वरुण सोमानी ने कहा कि सिरगिट्टी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न ठेकेदार काम कर रहे हैं। संबंधित स्थल पर उनकी एजेंसी कार्य कर रही थी या नहीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
