अवैध निर्माण पर निगम की बड़ी कार्रवाई: दो मंजिल की अनुमति लेकर खड़ी की 4 मंजिला इमारत, भवन सील


बिलासपुर। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित रामा मैग्नेटो मॉल के पास एक चार मंजिला भवन को निगम के अमले ने सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, संबंधित भवन मालिक अल्ताफ हुसैन को निगम की ओर से पूर्व में नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि निर्माण कार्य स्वीकृत नक्शे के अनुरूप ही किया जाए। बावजूद इसके नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण जारी रखा गया।
जांच में यह सामने आया कि भवन के लिए केवल दो मंजिल की अनुमति ली गई थी, जबकि मौके पर चार मंजिला निर्माण कर लिया गया। निगम अधिकारियों ने इसे पूरी तरह अवैध निर्माण की श्रेणी में बताते हुए कार्रवाई की।
शुक्रवार को नगर निगम जोन क्रमांक 4 की जोन कमिश्नर सागर राज, भवन शाखा अधिकारी अनुपम तिवारी, सब इंजीनियर आशीष पांडेय, संतोष वर्मा, शिव जायसवाल सहित अतिक्रमण अमला मौके पर पहुंचा और विधिवत रूप से भवन को सील कर दिया।
अधिकारियों का कहना है कि कई बार चेतावनी देने के बाद भी जब निर्माण कार्य नहीं रोका गया, तब यह सख्त कदम उठाना पड़ा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!