तेज रफ्तार का कहर: अधिवक्ता की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, दूसरे मामले में 14 माह बाद दर्ज हुआ केस


बिलासपुर में सड़क हादसों के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला महाराणा प्रताप चौक का है, जहां तेज रफ्तार वाहन ने एक अधिवक्ता की कार को टक्कर मार दी, जबकि दूसरे मामले में स्कूटी सवार युवतियों द्वारा की गई टक्कर में घायल व्यवसायी ने 14 महीने बाद शिकायत दर्ज कराई है।
अधिवक्ता की कार को माजदा ने मारी टक्कर
महाराणा प्रताप चौक पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार माजदा वाहन ने अधिवक्ता माजिद अली की कार को पीछे से टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, भारतीय नगर निवासी माजिद अली हाई कोर्ट से काम निपटाकर दोपहर करीब 12 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे माजदा (क्रमांक सीजी 28 एच 0822) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करने की कोशिश की और कार के दाहिने हिस्से को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का दरवाजा और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, हादसे में अधिवक्ता सुरक्षित रहे। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिस पर आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
स्कूटी सवार युवतियों की टक्कर, 14 महीने बाद दर्ज हुआ केस
दूसरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है, जहां कुदुदंड निवासी स्टेशनरी व्यवसायी सत्यनारायण शर्मा ने 14 महीने बाद तीन युवतियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, 24 फरवरी 2025 की सुबह करीब 8 बजे वह बाइक से शिवघाट पुल होते हुए महामाया चौक की ओर जा रहे थे। तभी कोनी-सरकंडा मेन रोड पर स्कूटी सवार तीन लड़कियों ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनका दाहिना पैर टूट गया था।
इलाज के बाद अब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!